गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में सफाई कर्मचारियों की कमी के कारण अस्पताल परिसर और शौचालयों में सफाई की लगातार समस्या बनी रहती है। इस वजह से अक्सर गंदगी और असुविधा की शिकायत सामने आती रहती हैं। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रशासन ने सफाई के लिए मैकेनाइज्ड और ऑटोमेटेड मशीनों का इस्तेमाल करने की मंजूरी दे दी है। यह निर्णय स्वास्थ्य मंत्री राव की अध्यक्षता में आयोजित स्पेशल हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में लिया गया। बैठक में यह भी निर्णय हुआ कि अस्पताल में सफाई की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक मशीनों की समय-समय पर देखभाल और संचालन के लिए विशेष कर्मचारी नियुक्त किए जाएंगे। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इस कदम से न केवल सफाई में सुधार होगा बल्कि मरीजों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। संवाद