-निगम अधिकारियों की कार्य प्रणाली को लेकर लोगों व दुकानदारों में रोष
-राजकीय कन्या प्राथमिक स्कूल के गेट के आगे लगा कूड़े का ढेर
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त सहित अधिकारी शहर के कई क्षेत्रों में सफाई कराकर कूड़ा-कचरा उठवा रहे हैं। लेकिन, पुराने नगर निगम कार्यालय के आसपास, सदर बाजार क्षेत्र, सब्जी मंडी, रोशनपुरा, गुरुद्वारा रोड, अपना बाजार व अग्रवाल धर्मशाला चौक के पास सफाई नहीं करवा पा रहे। यहां राजकीय प्राथमिक स्कूल के गेट के आगे कूड़े का ढेर लगा हुआ है। नगर निगम अधिकारियों की कार्य प्रणाली को लेकर सदर बाजार क्षेत्रों में रहने वाले लोगों व दुकानदारों में रोष है।
सदर बाजार क्षेत्र में रहने वाले लोगों व दुकानदारों का कहना है कि हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों की वजह से सदर बाजार व आसपास के क्षेत्र में सफाई नहीं हो पा रही। हड़ताली सफाई कर्मचारियों के विरोध के कारण निगम के अधिकारी इस क्षेत्र में आ भी नहीं रहे। पुराने नगर निगम कार्यालय के बाहर कूड़े फैला हुआ है, वहीं रोशनपुरा स्थित राजकीय कन्या मॉडल संस्कृति प्राथमिक स्कूल के गेट के बाहर की कूड़े का ढेर लगा हुआ है। इस वजह से स्कूल में आने वाली बच्चियों व शिक्षिकाओं को इस कूड़े से निकलकर ही जाना पड़ता है। शिक्षिकाओं का कहना है कि वे कई बार यहां से कूड़ा साफ करवा चुकी हैं, लेकिन बार-बार यहीं कूड़ा डाला जा रहा है।
शहर के लोग बाजार के सामने कूड़ा डालकर जा रहे हैं, जिससे यहां पर चारों तरफ कूड़ा ही कूड़ा फैल चुका है। सदर बाजार व आसपास के क्षेत्र में नगर निगम के अधिकारी सफाई करवाने या कूड़ा उठवाने नहीं आ रहे। कुछ बाहरी क्षेत्रों में ही सफाई कराकर अधिकारी वाहवाही लूटने की कोशिश में लगे हैं। जहां पर वे सफाई करवाते हैं वहां के फोटो व विडियो बनवाकर निगम कार्यालय भेज देते हैं, ताकि रिकॉर्ड में उनका कार्य दर्ज हो सके। जबकि जिन स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हैं, वहां अधिकारी मौके पर भी नहीं पहुंच रहे।