पाइप लाइन से छेड़छाड़ के मामले को सुलझाने का दावा
सोमवार को भी नहीं आया पानी, आज से स्थिति सामान्य होने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के अधिकारियों ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की पाइप लाइन से छेड़छाड़ के मामले को सुलझाने का दावा किया है। पानी की आपूर्ति को दोबारा पहले की तरह दुरुस्त करने की भी बात अधिकारी कह रहे हैं। बावजूद इसके लोगों को सोमवार को भी पानी की दिक्कत का सामना करना पड़ा। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि मंगलवार तक स्थिति सामान्य हो जाएगी।
सेक्टर-92 स्थित सारे होम सोसाइटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रवीण मालिक सहित अन्य कई आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों का कहना है कि पिछले एक हफ्ते से नहरी पानी नहीं आ रहा है। लोग टैंकर की मदद से पानी का काम चला रहे हैं। सेक्टर-37डी स्थित बीपीटीपी की चार सोसाइटियों में पानी की दिक्कत पहले से ही है। चार दिन पहले सफाई के लिए इमरजेंसी की व्यवस्था के लिए बनाए गए सेफ्टी वाॅल्व को किसी ने शरारतवश खोल दिया था, इससे नहर का पानी बह गया था।
सेक्टर-37डी स्थित बीपीटीपी पार्क सेरेने, पार्क स्पेशियो, टेरा आदि बीपीटीपी की सोसाइटियों में लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। बीपीटीपी की समस्या पुरानी है यहां जरूरत के हिसाब से पिछले एक माह से पानी नहीं आ रहा है। यहां करीब 1200 परिवार रहते हैं। वहीं, जीएमडीए के जल आपूर्ति से संबंधित एक्सईएन अभिनव वर्मा के अनुसार वॉल्व को दोबारा जोड़ दिया गया है। सोमवार शाम या मंगलवार सुबह तक पानी की आपूर्ति सामान्य हो जाएगी। संवाद
सोसाइटी में पिछले चार दिनों से पानी नहीं मिल रहा है। कुछ जगह पानी आ रहा है मगर प्रेशर बहुत ही कम है। अब उम्मीद है कि मंगलवार तक पानी आ जाएगा। आम दिनों में उनकी सोसाइटी में इस तरह की समस्या नहीं होती है। - सुनील सरीन, अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए, इंपीरिकल गार्डन, सेक्टर-102
सोसाइटी में एक हफ्ते से नहरी पानी नहीं आ रहा है। लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आस-पास की सोसाइटियों सेक्टर-107, 109 व 111 में भी लोगों को नहरी पानी नहीं मिल रहा है। - संजय अग्रवाल, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि, सेक्टर 109 स्थित एटीएस टर्मलीन सोसाइटी