संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड की सिटी बसों में लगातार तकनीकी खराबी आने से यात्रियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। लगातार सिटी बसें बीच रास्ते में ही दम तोड़ रही हैं जिससे यात्रियों को दूसरे वाहनों पर निर्भर होना पड़ रहा है। शनिवार को सुबह साढ़े 10 बजे के करीब आईएमटी चौक पर बस खराब हो गई। जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई, लोगों का कहना है कि सिटी बसें आए दिन बीच रास्ते में खराब हो जाती हैं। यात्री अनील ने बताया कि वह रोज इफको चौक से आईएमटी मानेसर काम पर आने के लिए सिटी बस का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि कई बार बसें रास्ते में खराब हो जाती हैं, जिससे काम पर पहुंचने में देरी होती है। वहीं दूसरे यात्री रोहित ने बताया कि बस खराब होने के बाद लोगों को दूसरी गाड़ियों का सहारा लेना पड़ता है। इससे अतिरिक्त खर्च बढ़ जाता है। यात्रियों ने मांग की है कि बसों की नियमित जांच और मरम्मत कराई जाए ताकि बेहतर सुविधा मिल सके।