निजी स्कूलों ने अभी तक नहीं दी सीटों की जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में आर्थिक तौर पर कमजोर विद्यार्थियों में शिक्षा की लौ जलाने की चिराग योजना रोशन नहीं हो पा रही है। शिक्षा निदेशालय की ओर से योजना के तहत दाखिला प्रक्रिया शुरू कराने के लिए दोबारा शेड्यूल जारी नहीं किया जा सका है। ऐसे में निजी स्कूलों में पढ़ाई करने के इच्छुक बच्चे व उनके अभिभावक चिराग योजना का दोबारा शेड्यूल जारी होने का इंतजार कर रहे हैं। विभाग के बार-बार मांगने के बावजूद निजी स्कूलों ने चिराग योजना में दाखिले के लिए अभी तक अपनी सहमति नहीं दी हैं।
प्रदेश सरकार के आदेशानुसार शिक्षा विभाग ने कई माह पहले ही निजी स्कूलों को चिराग योजना के तहत दाखिले संबंधित जानकारी देने के निर्देश दिए थे। निजी स्कूलों को बीती 31 जनवरी तक सीटों का ब्योरा देना था। लेकिन संचालकों ने अभी तक इस ओर कोई कदम नहीं बढ़ाया है। चिराग योजना के शेड्यूल अनुसार विद्यार्थियों को 15 से 31 मार्च तक अपने खंड के चयनित मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में ऑफलाइन आवेदन करना था। ज्यादा आवेदन आने पर एक से पांच अप्रैल तक ड्रा निकाला जाना था।
10 अप्रैल तक निजी स्कूलों को प्राप्त आवेदनों पर दाखिला प्रक्रिया पूरी करनी थी। चयनित विद्यार्थियों की सूची स्कूल के नोटिस बोर्ड पर लगानी थी। सीट खाली रहने पर 15 अप्रैल तक वेटिंग सूची के विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाना था। इससे पहले निजी स्कूलों को फीस बढ़ाने संबंधित फार्म-6 जमा करवाना था। लेकिन निजी स्कूलों ने मनमानी दिखाते हुए तय समय पर फार्म-6 जमा नहीं करवाया। जिस कारण शिक्षा विभाग को शेड्यूल रद्द करना पड़ा। अप्रैल माह बीतने तक भी निजी स्कूलों ने अभी तक सीटों का ब्योरा नहीं दिया है। वहीं शिक्षा विभाग ने भी चिराग योजना को लेकर दोबारा शेड्यूल जारी नहीं किया है।
वर्जन
चिराग योजना को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से ही शेड्यूल जारी किया जाना है। विभाग की ओर से इस योजना को लेकर तैयारी चल रही हैं। दाखिला प्रक्रिया को लेकर विभाग की ओर से जो भी दिशा-निर्देश जारी होंगे, उसी अनुसार निजी स्कूलों में बच्चों के दाखिले कराने की कार्रवाई की जाएगी।
- सुदेश राघव, खंड शिक्षा अधिकारी गुरुग्राम।