नागरिक अस्पताल में बढ़े बाल रोगी, ओपीडी चल रही फुल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। इन दिनों बच्चों की ओपीडी में वायरल और निमोनिया पीड़ितों की संख्या तेजी से बढ़ी है। पीड़ित बच्चों को खांसने और श्वास लेने में दिक्कत महसूस हो रही है। ऐसे में कई बच्चों को भर्ती करने की नौबत आ रही है। विशेषज्ञ बच्चों को बदलते मौसम के अनुसार कपड़े पहनाने और सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
ज्यादातर बच्चों को खांसी, कफ, बुखार और सांस लेने में परेशानी हो रही है। सिविल अस्पताल में ऐसे मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ज्यादातर मामले न्यू गुरुग्राम और गुरुग्राम क्षेत्र से है। बच्चों में दो सप्ताह से अधिक खांसी के अलावा गंभीर निमोनिया जैसे लक्षण देखने को मिल रहे हैं। कई बच्चे सांस लेने में भी परेशानी महसूस कर रहे हैं। श्वास मुहिम के तहत स्वास्थ्य विभाग जनवरी माह तक जिले में निमोनिया पीड़ित बच्चों पर विशेष निगरानी रखने में जुटा है।
बच्चों और अभिभावकों में निमोनिया की जागरूकता और टेस्टिंग के लिए विभाग की टीमें प्राथमिक स्तर पर काम करने में जुटी हैं। विभाग के नोडल व उप चिकित्सा अधिकारी डॉ. जय प्रकाश ने बताया कि सर्दी में बच्चों के लिए निमोनिया बेहद गंभीर समस्या है। दिसंबर से जनवरी तक विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। निमोनिया जैसे लक्षणों से पीड़ित बच्चों की संख्या दोगुनी हो गई है। इसमें पांच वर्ष तक के बच्चे अधिक प्रभावित हैं।
निजी अस्पताल के बाल रोग विभाग अध्यक्ष डॉ. राजीव उत्तम ने बताया कि बच्चों को माता पिता अपने आप एंटीबायोटिक न खिलाएं। इससे बच्चों में ऐसी दवाओं का प्रभाव कम हो जाता है। विशेषज्ञ भी फिर जरूरत पड़ने पर सही दवा देने में सक्षम नहीं होते। लक्षण के आधार पर दवा, बचाव और सुरक्षा उपाय विशेषज्ञ की सलाह पर ही लें।