पांच हजार किलो गेहूं और 83 किलो चीनी कम मिली
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने सोहना के वार्ड नंबर-10 स्थित राशन डिपो पर छापा मारकर राशन स्टॉक की जांच की। टीम को सूचना मिली थी कि राशन डिपो पर खाद्य सामान में हेराफेरी की जा रही है। टीम को जांच में करीब पांच हजार किलो गेहूं और करीब 83 किलो चीनी कम मिली। टीम की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने राशन होल्डर मलखान सिंह के खिलाफ खाद्य आपूर्ति अधिनियम एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते में तैनात सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि वार्ड-10 में स्थित राशन डिपो में खाद्य सामान की हेराफेरी की जा रही है। इस पर उन्होंने खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए राशन डिपो पर छापेमारी की गई। जांच में सामने आया कि राशन डिपो के रिकॉर्ड के हिसाब से गेहूं 33 हजार 53 किलो और चीनी एक हजार 183 किलो थी, लेकिन मौके पर गेहूं 27 हजार 800 किलो और चीनी एक हजार 100 किलो मिली। गेहूं पांच हजार किलो से कम पाया गया। इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई है।