मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने किया फर्जी क्लीनिक का भंडाफोड़
- 17 साल से चला रहा था अवैध क्लीनिक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मुख्यमंत्री उड़न दस्ता व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेक्टर-10 ए थाना क्षेत्र में चल रहे अवैध क्लीनिक पर रेड कर फर्जी चिकित्सक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले 17 साल से गढ़ी हरसरू के रेलवे स्टेशन के निकट अवैध रूप से क्लीनिक संचालित कर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहा था।
टीम को आरोपी के पास से कोई डिग्री नहीं मिली और ना ही क्लीनिक चलाने के लिए लाइसेंस आदि मिला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। डीएसपी मुख्यमंत्री उड़नदस्ता इन्द्रजीत यादव के अनुसार टीम को सूचना मिली कि गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशन के पास अवैध रूप से शांति क्लीनिक चलाया जा रहा है। जिसके बाद रेड करने के लिए टीम गठित की गई। मुख्यमंत्री उड़न दस्ते की टीम के साथ गढ़ी हरसरू पीएचसी के डाक्टर गुरिंदर सिंह भी साथ रहे।
जब टीम क्लीनिक पर पहुंची तो वहां पर अजय नामक व्यक्ति मिला, जो क्लीनिक व लैब भी चला रहा है। इस दौरान अजय से क्लीनिक चलाने के लाइसेंस व डिग्री आदि दिखाने के लिए कहा तो वह कोई डिग्री व डिप्लोमा नहीं दिखा सका। क्लीनिक में जांच करने पर काफी मात्रा में दवाइयां मिली व अन्य सामान माइक्रोस्कोप, बीपी अपार्टस, स्टेथोस्कोप, ग्लूकोमीटर, क्लूकोज ड्रिप व दवाइयों के 63 बिल भी मिले।
इस पूरे सामान को जब्त करके पुलिस ने एनएमसी एक्ट 2019, धोखाधड़ी व मानव जीवन के खिलवाड़ करने की धारा 336 के तहत केस दर्ज किया गया। डाक्टर गुरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी यूपी के प्रतापगढ़ निवासी अजय कुमार अब तक हजारों लोगों का इलाज भी कर चुका है। आरोपी डॉक्टर पर केस दर्ज करा पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस छानबीन में जुटी है।