बिना डिग्री धारक डॉक्टर के चल रहा था अस्पताल, लोगों के जीवन से हो रहा था खिलवाड़
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। स्वास्थ्य विभाग व मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने चक्करपुर गांव में चल रहे अवैध क्लीनिक पर छापा मारा। क्लीनिक संचालक के पास कोई डिग्री धारक डॉक्टर नहीं था और न ही उसके पास कोई लाइसेंस था। स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर सेक्टर 29 थाना पुलिस ने क्लीनिक संचालक के खिलाफ मामला दर्ज उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम को क्लीनिक से बड़ी संख्या में एलोपैथिक दवाएं और मेडिकल उपकरण भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार चक्करपुर में विजय सिनेमा हॉल रोड पर लाइफ केयर नाम से एक क्लीनिक चल रहा था। मरीजों का इलाज करने वाला क्लीनिक संचालक खुद को डॉक्टर बताता था। बुधवार दोपहर क्लीनिक पर छापा मारा गया था। संचालक की पहचान पश्चिम बंगाल के मूल निवासी रफीकुल इस्लाम के रूप में हुई है। जब उन्होंने क्लीनिक चलाने और दवाइयां रखने के संबंध में लाइसेंस मांगा तो वह इस संबंध में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। टीम को उसके पास डॉक्टर की कोई डिग्री नहीं मिली।
कार्रवाई करने वाली टीम के सदस्य डॉ. रवि कुमार के अनुसार क्लीनिक संचालक ने अपना एसेंशियल ड्रग्स फॉर प्राइमरी हेल्थ केयर का डब्ल्यूएचओ (ईडीटी) का सोनीपत, हरियाणा का प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया। जांच के दौरान पता चला कि उसके पास चिकित्सा उपचार के लिए कोई पर्याप्त डिग्री नहीं थी। क्लीनिक की जांच करने पर डॉक्टर के कमरे के पीछे वाले कमरे में तीन बेड मिले। मौके पर क्लीनिक से भारी मात्रा में दवाइयां, इंजेक्शन और मेडिकल उपकरण बरामद किए गए।