गुरुग्राम। फर्जी कागज बनाकर सात लाख रुपये में गाड़ी बेचने का मामला सामने आया है। खरीदार जब गाड़ी की सर्विस कराने शोरूम में गया तो उसे धोखाधड़ी का पता चला। पीड़ित ने खेड़कीदौला थाना पुलिस को इसकी शिकायत दी। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में मूलरूप से रेवाड़ी निवासी विकास शर्मा ने बताया कि उसने ऑनलाइन साइट पर एक गाड़ी देखी थी। इसे बेचने के लिए साइट पर विज्ञापन डाला गया था। गाड़ी पसंद आने पर उसने दिए गए नंबर पर संपर्क किया। जिसके बाद बेचने वाला व्यक्ति उसे घर आकर गाड़ी दिखाकर गया। सात लाख रुपये में गाड़ी का सौदा तय हुआ था। गाड़ी खरीदने के बाद बेचने वाले ने कहा कि गाड़ी उसके भाई के नाम पर है जो सेना में नौकरी करता है और उसने कहा कि एक दो दिन में वह गाड़ी विकास के नाम ट्रांसफर करवा देगा। विकास का आरोप है कि कई बार बेचने वाले को फोन करता रहा, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। कुछ दिन बाद वो खरीदी हुई गाड़ी की सर्विस कराने शोरूम गया तो वहां पता चला कि गाड़ी पर जो नंबर लगा है, वह फर्जी है। इसके अलावा गाड़ी पर लोन भी है।