गुरुग्राम। साइबर ठगों ने एक युवती से गैस कनेक्शन कटने के नाम पर 1.97 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना क्राइम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चकरपुर निवासी देवी दत्ता काला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि इसी साल 21 फरवरी को उनके पास एक नंबर से मैसेज आया था। उसमें कहा गया था कि उनका गैस कनेक्शन अगले दिन कट जाएगा। उसमें एचसीजी गैस अधिकारी का नंबर दिया गया था। उन्होंने उस नंबर पर फोन किया तो उसने एक लिंक भेजकर कहा कि वह 10 रुपये भेज दें। उन्होंने काफी कोशिश की, लेकिन पैसे नहीं गए। इसके बाद उसने कहा कि वह पैसे भेज रहा है। उसने 10 रुपये की रसीद उनके नंबर पर भेज दी। उनका कहना है कि इसी दौरान उनके खाते से दो बार में 1.97 लाख रुपये निकल गए। संवाद