गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड के पास छत का प्लास्टर जर्जर हालत में पहुंच गया है, जिससे कभी भी हादसा होने की आशंका बनी हुई है। वार्ड के बाहर लगे छज्जे के पास प्लास्टर पर लगी शीट उखड़ चुकी है और दूसरी शीट ढीली होकर गिरने की कगार पर है। पंखे के समीप का हिस्सा विशेष रूप से क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है, जिससे वहां आने-जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए खतरा बढ़ गया है। यह एरिया अस्पताल का व्यस्त हिस्सा है, जहां दिनभर मरीजों की आवाजाही अधिक बनी रहती है। ऐसे में प्लास्टर या शीट गिरने से किसी के घायल होने का खतरा लगातार बना हुआ है। नागरिक अस्पताल की कार्यवाहक पीएमओ डॉ. नीना ने कहा कि अस्पताल में जहां भी छत की शीट निकली हुई है, उसकी मरम्मत के लिए भवन व सड़क निर्माण विभाग को पत्र लिखा जा चुका है। साथ ही अन्य स्थानों की भी जांच कर उन्हें जल्द ठीक कराया जाएगा, ताकि कोई हादसा न हो। संवाद