गुरुग्राम। सीबीआई की टीम ने बुधवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के गुरुग्राम में स्थित तीन व्यावसायिक ठिकानों पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने कई दस्तावेज खंगाले और तीनों ही जगहों से कई संदिग्ध दस्तावेज भी साथ ले गई। कार्रवाई के दौरान तीनों स्थानों पर अफरातफरी की स्थिति रही।
रेलवे भर्ती घोटाले में सीबीआई ने लालू प्रसाद यादव के बेटे व बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के ठिकानों पर कार्रवाई की है। सीबीआई की टीम बुधवार सुबह करीब 10 बजे सबसे पहले सेक्टर-71 स्थित निर्माणाधीन अर्बन क्यूब-71 मॉल की साइट पर पहुंची। यहां पर टीम करीब तीन घंटे तक मौजूद रही। इस दौरान टीम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों से गहन पूछताछ की और कुछ संदिग्ध दस्तावेज भी लिए। इसके बाद सीबीआई की टीम सेक्टर-65 स्थित वर्ल्ड मार्क मॉल के 10वें फ्लोक पर पहुंची। इसके अलावा टीम की एक टुकड़ी सेक्टर-42 स्थित लैंडवेस प्राइवेट लिमिटेड के गोल्फ व्यू कॉर्पोरेट टावर के 7वें फ्लोर पर स्थित ठिकाने पर भी पहुंची। इनमें से सेक्टर-71 स्थित अर्बन क्यूब-71 मॉल को जांच की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया जा रहा है।
----
टीम के हाथ लगे हैं कई संदिग्ध दस्तावेज
कार्रवाई के दौरान सीबीआई को कई संदिग्ध दस्तावेज मिले हैं। ऐसे में आगामी दिनों में तेजस्वी यादव की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। रेलवे में नौकरी के बदले जमीन के मामले में सीबीआई ने बुधवार को कुल 25 जगहों पर छापे मारे। इसमें से तेजस्वी यादव से संबंधित छापेमारी दिल्ली, गुरुग्राम, पटना, कटिहार और मघधुबनी में की गई। मालूम हो कि सेक्टर 71 स्थित अर्बन क्यूब-71 मॉल को तेजस्वी यादव का बताया जा रहा है उसका निर्माण व्हाइट लैंड कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। सेक्टर-65 में बुधवार सुबह कुल 20 निजी गाड़ियों में सवार होकर सीबीआई की टीम दिल्ली से निकली थी, जिसमें से टीम की एक टुकड़ी भिवानी भी पहुंची है।