गुरुग्राम में जमीन की खरीद-फरोख्त में फर्जीवाड़ा करने और एक से अधिक लोगों को जमीन बेचने के एक मामले में 40 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई अदालत के आदेश के बाद की गई है। अदालत के आदेश पर मनु प्रॉपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड के जितेंद्र खटाना की ओर से थाना भोंडसी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि उनकी बिल्डर कंपनी ने 1987 में एक जमीन की रजिस्ट्री कराई थी। जमीन बेचने वाले ने बाद में धोखाधड़ी करके अन्य को भी जमीन की रजिस्ट्री कर दी। बिल्डर कंपनी ने इस मामले को अदालत में चुनौती दी और अदालत ने उनके हक में फैसला सुनाया, लेकिन दूसरे पक्ष ने धोखाधड़ी करने और फर्जी कागजों का इस्तेमाल करने का सिलसिला बनाए रखा। जमीन को एक के बाद एक फर्जी तरीके से बेचा जाता रहा। अब अदालत ने इस मामले में 40 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया है। पुलिस ने इस मामले में अपनी कार्रवाई से अदालत को भी अवगत कराया है।