उपचार के दौरान मिली जानकारी के बाद दिल्ली पुलिस ने दी सूचना, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। राजेंद्रा पार्क थाना क्षेत्र में द्वारका एक्सप्रेसवे पर रोडरेज का मामला सामने आया है। जिसमें कैंटर चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। विरोध करने पर कैंटर चालक ने अपने साथियों के मिलकर बाइक सवार के साथ मारपीट भी की। उसे घायल अवस्था में दिल्ली के अस्पताल में दाखिल कराया गया है। दिल्ली पुलिस की ओर से मिली जानकारी के बाद धनकोट पुलिस चौकी की ओर से जांच के बाद राजेन्द्रा पार्क थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में दिल्ली के वैभव कुणाल ने कहा कि वह मानेसर से दिल्ली के नजफगढ़ जा रहे था। इस बीच द्वारका एक्सप्रेसवे पर उसकी बाइक को एक कैंटर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्हें भी अंदरूनी चोटें लगी। टक्कर लगने के बाद जब वह बाइक से उठा तो कैंटर चालक उसके पास आया और झगड़ा करने लगा। आरोप है कि उसने अपने साथियों को दूसरी गाड़ी से बुला लिया और उन्होंने उसे बुरी तरह से पीटा।
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद वैभव दिल्ली चला गया और निजी अस्पताल में अपना इलाज कराया। अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना दिल्ली पुलिस को दी। जिसके बाद राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस को सूचना दी गई। वैभव की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।