अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। खेड़की दौला थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि स्कूटी चलाने वाला युवक घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं हादसे को अंजाम देकर चालक कैंटर को लेकर फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में यूपी अमेठी के चंद्र ने कहा कि उसका चचेरा भाई 27 वर्षीय अयोध्या यहां पर माली का काम करता था। उसके साथ ही यूपी के प्रतापगढ़ निवासी अमृत लाल भी माली का काम करता था। दोनों ही शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे स्कूटी से काम करने के लिए मानेसर जा रहे थे। स्कूटी को अमृत लाल चला रहा था। जबकि अयोध्या उसके पीछे बैठा था। जब दोनों खेड़कीदौला टोल प्लाजा के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे कैंटर चालक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए। कैंटर का अगला टायर अयोध्या के सिर से गुजर गया। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अमृतलाल को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने ही परिवारवालों को भी सूचना दी है। पुलिस ने कैंटर चालक पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।