आरोपी के कब्जे से शराब व हुक्के बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। बादशाहपुर थाना पुलिस को शनिवार की रात को गश्त के दौरान सूचना मिली कि एक कैफे में बिना अनुमति के शराब परोसी जा रही है। वहां पर फ्लेवर्ड हुक्के भी पिलाए जाते हैं। पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से शराब व अवैध रूप से रखे हुक्के बरामद किए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी संचालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार टीम को गैरतपुर बास पंडाला के पास जंगल नाम के कैफे में बिना लाइसेंस शराब पिलाई जाने की सूचना मिली थी। पुलिस की टीम ने कैफे में छापामारी की। जहां पर लोगों को शराब परोसी जा रही थी व हुक्के का सेवन कराया जा रहा था। पुलिस टीम ने कैफे के संचालक अशोक कुमार निवासी गैरतपुर बास, जिला गुरुग्राम से जब शराब व हुक्का परोसने से संबंधित लाइसेंस मांगा तो वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। जांच में इस बात का खुलासा हुआ कि कैफे संचालक की ओर से अवैध रूप से शराब पिलाने, फ्लेवर्ड हुक्का रखने तथा आने-जाने वाले व्यक्तियों के रिकॉर्ड से संबंधित रजिस्टर में एंट्री सुनिश्चित नहीं की है। जिस पर मामला दर्ज कर उसको गिरफ्तार किया गया ।