माहिरा बिल्डर के खिलाफ खरीदारों का हरेरा कार्यालय पर प्रदर्शन
बिल्डर के आवंटन रद्द करने पर भड़के, बोले-25 प्रतिशत रकम लेकर भी बिल्डर ने फ्लैट के नाम पर खोदे सिर्फ गड्ढे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पच्चीस फीसदी भुगतान करने वाले खरीदारों के आवंटन को रद्द करने के बिल्डर के फरमान के विरोध में बुधवार को सेक्टर-104 माहिरा अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट के खरीदारों ने हरियाणा भूसंपदा विनियामक प्राधिकरण (हरेरा) कार्यालय पर काली पट्टी बांध कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बिल्डर की ओर से फ्लैट बनाना तो दूर बुकिंग रद्द करने की धमकियां दी जा रही हैं। बुकिंग के डेढ़ साल बाद भी फ्लैट बनाने के नाम पर अब तक निर्धारित साइट पर सिर्फ गड्ढे ही खोदे गए हैं। प्रोजेक्ट में अपने सपनों का घर खरीदने वाले लोगों के खून-पसीने की कमाई को बिल्डर ने लूट लिया है।
माहिरा होम्स-104 बायर्स वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले हुए प्रदर्शन में एसोसिएशन के प्रधान कमल भारद्वाज, उपाध्यक्ष रमनदीप ने बताया कि दिसंबर 2021 में उन्होंने प्रोजेक्ट में फ्लैट बुक कराए थे। इस प्रोजेक्ट में 1483 फ्लैट हैं। बिल्डर द्वारा तय किए गए नियमों के अनुसार भी उन्होंने पेमेंट का भुगतान किया। अब तक बिल्डर लोगों ने 25 प्रतिशत से भी अधिक पेमेंट ले चुका है। बिल्डर ने डेढ़ साल में लोगों से 125 करोड़ रुपये जमा करा लिए हैं।
इतनी पेमेंट लेने के बाद भी बिल्डर ने साइट पर कोई काम शुरू नहीं किया है। प्रोजेक्ट में खरीदार गुरुग्राम से लेकर चंडीगढ़ तक भटक चुके हैं, लेकिन कहीं से भी न्याय नहीं मिला। बिल्डर के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज हैं, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। खरीदारों के अधिवक्ता अभय जैन ने कहा कि केस रेरा कोर्ट में चल रहा है, ऐसे में बिल्डर को यूनिट कैंसिल करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने रेरा से भी मांग की कि इस प्रोजेक्ट से संबंधित फैसले को जल्द से जल्द दें, ताकि फ्लैट खरीदारों को राहत मिल सके।