उन्होंने बताया कि आविन चौधरी एक आईटी कंपनी में इंजीनियर बताया जाता है। जबकि पारस एक कॉल सेंटर में काम करता था। अभिषेक एमबीए की तैयारी कर रहा था। 22 से 25 साल की उम्र वाले सभी युवक फिलहाल दिल्ली में रह रहे थे।
जन्मदिन मनाने के बाद सोमवार सुबह सभी कार से वापस दिल्ली जाने के लिए ही निकले थे। सुबह करीब छह बजे खैंटावास गांव के पास ही गुरुग्राम रोड पर यू टर्न लेते समय उनकी कार को सामने से आती हुई एक बस ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद पारस व अभिषेक को सेक्टर-90 स्थित आरवी अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, दूसरी तरफ आविन, जैश्वन व नितिन को हयातपुर स्थित अमन अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान आविन व जैश्नव की मौत हो गई जबकि नितिन का इलाज चल रहा है। कार नितिन ही चला रहा था, जो गंभीर रूप से घायल है।
फार्म हाउस में की थी जन्मदिन पार्टी
फर्रुखनगर थाना पुलिस के मुताबिक सभी दोस्तों ने खैंटावास के अशोक फॉर्म हाउस में अपने दोस्त अंशुल की जन्मदिन पार्टी की थी। सुबह करीब छह बजे वापसी के दौरान खैंटावास के पास पेट्रोल पंप के सामने स्थित कट पर चालक नितिन ने अचानक कार मोड़ दी। उस वक्त गुरुग्राम की तरफ से आ रही बस की रफ्तार काफी तेज थी। माना जा रहा है कि कार चालक पेट्रोल पंप से शायद ईंधन लेना चाहता था। इसी कारण उसने अचानक तेजी से कार को पेट्रोल पंप की ओर मोड़ा था।
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
यह पूरा हादसा हाईवे किनारे स्थित पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया है। सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि मारुति कंपनी का बोर्ड लगी बस की रफ्तार भी काफी तेज थी। अचानक कार के सामने आ जाने से चालक बस को नियंत्रित नहीं कर पाया और कार को साइड से जोरदार टक्कर लगी। हादसे के चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया।
शिकायत पर फर्रुखनगर थाना पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बस मारुति कंपनी की बताई जा रही है, जो कर्मचारियों को लेने के लिए जा रही थी। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने सोमवार दोपहर बाद सभी मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए।