सेक्टर 16 में अवैध तरीके से बनाया जा रहा था, जीएमडीए ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की प्रवर्तन विंग ने शहरी पर्यावरण प्रभाग के साथ मिलकर शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 48 के किनारे सेक्टर 16 में ग्रीन बेल्ट पर 300 वर्ग गज में निर्माणाधीन शराब के ठेके को ध्वस्त कर दिया।
अवैध निर्माण की जानकारी होने पर जीएमडीए के शहरी पर्यावरण प्रभाग ने संचालक ने अनुमति पत्र मांगा लेकिन शॉप संचालक ने कोई जवाब नहीं दिया। जांच में यह भी पाया गया कि इससे संबंधित मामले को अदालत खारिज कर चुकी है। जीएमडीए की टीम अवैध कब्जे को हटाने के लिए टीम के साथ पहुंची। डीटीपी प्रवर्तन आरएस बाठ, ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ मौके पर पहुंचे। टीम को देखकर आरोपी ने निर्माण सामग्री हटवाना शुरू कर दिया था और अभियान के दौरान तीन घंटे का अतिरिक्त समय मांगा , जिसे मंजूर कर लिया गया। बाद में टीम ने अवैध सीमा के साथ-साथ पक्के क्षेत्र को भी ध्वस्त कर दिया और भूमि को किसी भी अवैध संरचना से मुक्त कर दिया। जीएमडीए के अधिकारी ने बताया कि अवैध कब्जे करने वालों पर नजर रखी जा रही है और ऐसे निर्माणों को गिराया जाएगा।