- स्कूली शिक्षा से वंचित 2349 बच्चों को 94 सेंटरों पर किया जाएगा शिक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। स्कूली शिक्षा से वंचित और बीच सत्र में स्कूल छोड़ने वाले बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए गुरुग्राम में 87 सेंटरों पर ब्रिज कोर्स शुरू किया गया है। सात अन्य सेंटरों के लिए शुक्रवार को एजुकेशन वॉलंटियर्स की साक्षात्कार प्रक्रिया को पूरी करके नियुक्ति दी जाएगी। ब्रिज कोर्स के लिए बनाए सेंटर पर बच्चों को पढ़ाई के साथ ही विभिन्न गतिविधियों में भी शामिल किया जा रहा है।
शैक्षणिक सत्र 2023-24 में 2349 बच्चों को ब्रिज कोर्स के तहत शिक्षित करने के लिए 94 सेंटर संचालित किए जाएंगे। बच्चों को आठ से नौ माह का ब्रिज कोर्स कराकर अगले शैक्षणिक सत्र में उनकी उम्र के हिसाब से सरकारी स्कूलों की कक्षाओं में दाखिल कराया जाएगा। जनवरी-2023 में किए गए सर्वे के दौरान गुरुग्राम जिले के विभिन्न स्थानों से 2349 बच्चों की पहचान की गई थी। इन बच्चों का अब जुलाई माह से ब्रिज कोर्स शुरू कराया गया है।
बच्चों को उनकी उम्र के अनुसार पढ़ाई कराई जा रही है। ताकि जब वे अगले सत्र में किसी कक्षा में दाखिला लें तो उनको पिछली कक्षा की पढ़ाई का ज्ञान हो। बता दें कि शैक्षिक सत्र 2022-23 के सत्र में 2670 बच्चों को गुरुग्राम के 92 सेंटरों पर जुलाई-2022 से मार्च-2023 तक ब्रिज कोर्स करवाया गया था। बच्चों को उनकी उम्र के अनुसार अगली कक्षा में दाखिला दिलाया जा चुका है।
सहायक परियोजना समन्वयक दिनेश गुलिया ने बताया कि 94 में से 87 सेंटरों पर बच्चों की पढ़ाई शुरू करा दी है। अन्य सात सेंटरों पर भी एक सप्ताह में पढ़ाई शुरू हो जाएगी। ब्रिज कोर्स करने वाले बच्चों काे नए शैक्षणिक सत्र में उनकी आयु के हिसाब से सरकारी स्कूलों में दाखिला दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा का अधिकार और समग्र शिक्षा अभियान के तहत लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा स्कूली पढ़ाई से वंचित ना रह सके। हर वर्ष बच्चों का सर्वे करके स्कूली शिक्षा दिलाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।