पुलिस के अनुसार यूपी की रहने वाली 28 साल की युवती ने पुलिस को बताया कि शराब पीने की लत के कारण वह अपने पति से अलग नाहरपुर रूपा में किराये के मकान में रहती है और निजी कंपनी में नौकरी करती है। नौकरी करने के दौरान ही उसकी मुलाकात यूपी के कन्नौज निवासी शिवम कुमार से हुई। वह उसके साथ सहमति संबंध में रहने लगी। शिवम उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा था।
पिछले दिनों उसे पता लगा कि शिवम शादीशुदा है और वह झूठ बोलकर उससे संबंध बना रहा है। इस पर 17 अगस्त की शाम आरोपी बाइक से आया और उसके साथ संबंध बनाने के लिए जिद की। मना करने पर तैश में आ गया और उसने युवती पर पेंचकस से गर्दन पर वार किए और फरार हो गया। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। सदर थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में एसीपी अपराध वरुण दहिया ने कहा कि नाहरपुर रूपा चौकी इंचार्ज एसआई संदीप कुमार ने आरोपी को राजीव चौक, गुरुग्राम से काबू कर लिया। अदालत में पेश कर एक दिन की पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया है । इस दौरान आरोपी से वारदात में प्रयोग हथियार (पेंचकस) व बाइक बरामद की जाएगी।