गुरुग्राम। बॉक्सिंग में बेहतर प्रदर्शन कर जिले के चार विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इनमें दो विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जबकि दो छात्राएं हरियाणा बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भाग लेंगी। विद्यालय की आठवीं कक्षा के गर्वित सहारण और नीतिन कुमार का चयन अंडर-14 एसजीएफआई स्कूल राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ी 23 अक्तूबर को दिल्ली में होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित बॉक्सिंग ट्रायल में शानदार प्रदर्शन के आधार पर उन्हें यह अवसर मिला है। अब दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए अभ्यास में जुटे हैं। वहीं, विद्यालय की 12वीं कक्षा की छात्राएं प्रिया राघव और कोमल तंवर ने भी बॉक्सिंग में अपनी क्षमता साबित करते हुए हरियाणा बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए जगह बनाई है।