28 जून को कोर्ट में पेश होगा कटारिया, 27 मई को क्राइम ब्रांच ने किया था गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। कबूतरबाजी के मामले में गिरफ्तार बॉबी कटारिया का मामला अब पंचकूला की राष्ट्रीय जांच एजेंसी में चलेगा। 28 जून को एनआईए कोर्ट में बॉबी कटारिया को पेश किया जाएगा। ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास निधि बेनीवाल की अदालत ने एनआईए कोर्ट में केस चलाने की अनुमति दे दी है। इस मामले में मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स ने एनआईए को जांच करने का आदेश दिया था। जिसके बाद अदालत ने इस मामले से जुड़े सभी दस्तावेज एनआईए को हस्तांतरित करने का आदेश दिया है। बॉबी को 27 मई को क्राइम ब्रांच सेक्टर दस ने गिरफ्तार किया था। रिमांड के दौरान कटारिया ने 33 लोगों को विदेश भेजने की बात कबूली थी।
यह है मामला
बाॅबी कटारिया को 27 मई को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। कटारिया पर आरोप है कि विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी व मानव तस्करी करता है। इस मामले में थाना बजघेड़ा में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करते हुए बताया था कि बॉबी कटारिया के इंस्टाग्राम व यूट्यूब चैनल पर विदेश में नौकरी दिलाने का विज्ञापन देखकर दिए गए नंबर पर संपर्क किया था। शिकायतकर्ता ने बॉबी कटारिया से गुरुग्राम में मुलाकात की थी। इसके बाद बॉबी कटारिया ने शिकायतकर्ता को 28 मार्च को अपने एजेंट के माध्यम से फ्लाइट से वैनटाइन भेज दिया था। एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वहां पर कटारिया का एजेंट बेनामी चाइनीज कंपनी में ले गया। एजेंट ने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट करके उसका पासपोर्ट छीन लिया था। जान से मारने व पासपोर्ट फाड़ देने की धमकी देते हुए एजेंट व अन्य लोगों ने शिकायतकर्ता को दूसरे लोगों के साथ साइबर फ्रॉड करने के लिए मजबूर किया था। दो दिन बाद शिकायतकर्ता मौका पाकर वहां से भागकर इंडियन एंबेसी के माध्यम से भारत वापस लौट आया था।