सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में 17 घंटों तक बिजली गुल रहने पर गिरी गाज
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने की कार्रवाई, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप
गुरुग्राम। गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में 17 घंटे तक बिजली गुल रहने के मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए डीजी सेट के प्रभारी बायो मेडिकल इंजीनियर जयदेव को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही प्रधान चिकित्सा अधिकारी डाॅ. दीपा को छुट्टी पर भेजने का निर्देश दिया है। मंत्री की इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति है।
स्वास्थ्य मंत्री शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कोविड की स्थिति व स्वास्थ्य संसाधनों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। वहीं पर उन्होंने अस्पताल में बिजली गुल रहने पर चर्चा की। उन्होंने यह भी पूछा कि जब अस्पताल की अंडरग्राउंड केबल में गड़बड़ी आई थी तो भी ऐसे में अस्पताल का जेनरेटर क्यों नहीं चलाया गया। उनके संज्ञान में आया है कि 17 घंटों तक मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। यहां तक की मोबाइल की टॉर्च जलाकर काम किया गया। ऐसे में जनरेटर प्रभारी की सीधे तौर पर प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आ रही है।