- एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रंगेहाथों किया गिरफ्तार, इससे पहले शिकायतकर्ता से एक लैपटॉप भी ले चुका आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने सोमवार को जीएसटी नंबर अपडेट करने के बदले एक्साइज एंड टेक्सेशन ऑफिसर को 25 हजार रुपए की घूस लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ईटीओ ने इससे पहले शिकायतकर्ता से एक लैपटॉप भी रिश्वत के रूप में लिया था। ब्यूरो के प्रवक्ता जितेन्द्र कुमार ने बताया कि आरोपी ईटीओ अमित ढांडा को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो में सूचना दी कि एक्साइज एंड टेक्सेशन ऑफिसर अमित ढांडा उसके जीएसटी नंबर को अपडेट करने के नाम पर 25 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायतकर्ता से ईटीओ एक लैपटॉप भी रिश्वत के रूप में ले चुका है। इस सूचना के बाद सोमवार को छापेमारी कर एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने आरोपी को 25 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।