भीमसेना सुप्रीमो को लॉरेंस गैंग ने दी धमकी
- फोटो : अमर उजाला
भीमसेना सुप्रीमो नवाब सतपाल तंवर को लॉरेंस गैंग ने जान से मारने की धमकी दी है। इस संदर्भ में उन्होंने पुलिस को शिकायत दी है। प्रारंभिक जांच करने के बाद सेक्टर 37 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में तंवर ने बताया कि उन्हें कॉल कर धमकी दी गई है।
धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर बताया। उन्होंने बताया कि उनका फोन पहले उनकी एक परिचित महिला ने उठाया। फोन उठाते ही आरोपी ने महिला के साथ भी अभद्र व्यवहार करते हुए बात की और आपत्तिजनक शब्द भी कहे।
तंवर ने बताया कि जिस वक्त उन्हें धमकी मिली, वे मुंबई दौरे पर थे। फोन पर आरोपी शूटर ने उनसे कहा कि वे दनादन गोलियां बरसाकर उन्हें मार देंगे। उनके अनुसार उनकी जान को खतरा है, क्योंकि उन्हें पहले भी जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है। विदेश से भी उन्हें धमकी भरे फोन आ चुके हैं।
उन्होंने इस बाबत पुलिस को शिकायत दे दी है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि आरोपियों को जल्द पकड़ा जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। थाना सेक्टर 37 के प्रभारी इंस्पेक्टर शहीद अहमद ने बताया कि भीमसेना सुप्रीमो नवाब सतपाल तंवर की शिकायत और कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।