- शिकायत मिलने पर दुकानदारों के खिलाफ होगी कार्रवाई
पलवल। त्योहारों के सीजन में मिलावटी मिठाइयों, नकली चॉकलेट और घटिया गुणवत्ता वाले ड्राई फ्रूट्स की खरीदारी से सावधान रहें। उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने लोगों से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचकर ही खरीदारी करने की अपील की है। उपायुक्त ने कहा कि मिलावटी खाद्य सामग्री का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। जिला प्रशासन मिलावटखोरी पर नजर रखे हुए है। शिकायत मिलने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से मिठाइयां, चॉकलेट और ड्राई फ्रूट्स खरीदते समय विश्वसनीय दुकानों को प्राथमिकता देने को कहा। पैक्ड खाद्य पदार्थों की सील, निर्माण और समाप्ति तिथि जरूर जांचें। सूखे मेवों की ताजगी और गुणवत्ता पर भी ध्यान दें। केवल कम कीमत के लालच में खाद्य सामग्री न खरीदें। किसी उत्पाद की गुणवत्ता पर संदेह होने पर उसकी सूचना प्रशासन को दें और उसका सेवन करने से बचें। संवाद