12 मरीज हैं उपचाराधीन, पहले छह बेड किए गए थे आरक्षित, 8 और बढ़ाए, अब तक 58 चपेट में
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। डेंगू पीड़ितों को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में बेड की संख्या बढ़ानी पड़ी। भूतल में बने आइसोलेशन वार्ड में पहले डेंगू मरीजों के लिए छह बेड आरक्षित किए गए थे । अब आठ अतिरिक्त बेड बढ़ाए गए हैं। फिलहाल अस्पताल में 12 मरीज उपचाराधीन हैं।
जिले में हर सप्ताह होने वाली बरसात के कारण जगह जगह पानी जमा हो गया है। इस कारण मच्छरों का लार्वा तेजी से पनप रहा है। इस कारण जिले के 58 लोग डेंगू की चपेट में आए हैं।
बीते एक सप्ताह में ही जिले में करीब 500 बुखार पीड़ितों की डेंगू की जांच की गई। इसमें करीब चार फीसदी मामले पॉजिटिव मिले। डेंगू मलेरिया रोकथाम विभाग के प्रभारी डॉ. जय प्रकाश ने कहा कि लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। बरसात के कारण जमा होने वाले पानी की निकासी करना न भूले। अब तक डेंगू पीड़ित मामलों में से 12 मरीज नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन हैं। जिले में अब तक 25 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हुए हैं। इसमें 22 का इलाज सरकारी और तीन का इलाज निजी अस्पताल में किया गया। डॉ. जयप्रकाश ने बताया कि बीते एक सप्ताह में 21 नए मामले मिले हैं।