गुरुग्राम में शिव वाटिका में मंगलवार अल सुबह फेरों के बाद हवन कुंड की चिंगारी से भीषण आग लग गई। तेज हवा चलने आग ने भयानक रूप ले लिया। आग की सूचना के बाद चार दमकल केंद्रों की नौ गाडियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दमकल अधिकारी ललित वर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि मंगलवार सुबह करीब चार बजे तक फेरों की रस्म हुई थी। इसके बाद सभी लोग वहां से चले गए। तेज हवा चलने से हवन कुंड की चिंगारी वाटिका में फैल गई। इससे आग ने भीषण रूप ले लिया। आग लगने की सूचना सवा पांच बजे मिली। इसके बाद भीम नगर,सेक्टर-29,सेक्टर-37 समेत चार दमकल केंद्र से नौ गाड़ियों भेजी गई। करीब 30 कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। आग के चलते वाटिका के काफी संख्या में एसी,इंटीरियर,डेकोरेशन का सामान जलकर राख हो गया।