मरम्मत कार्य के लिए बजघेड़ा अंडर पास किया बंद
-अंडर पास में जमा हो गया था बरसाती पानी, निकासी के बाद भी हो रहा था रिसाव
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बारिश के बाद जल भराव और अंडरपास में पानी के रिसाव के कारण बजघेड़ा अंडरपास में आवाजाही करने वालों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था। शुक्रवार को अंडर पास में मरम्मत के कार्य के लिए उसे बंद कर आवाजाही रोक दी गई है।
पुराने शहर सेक्टर 23 से न्यू गुरुग्राम द्वारका एक्सप्रेस वे की ओर आवाजाही के लिए इस अंडर पास को बनाया गया था। एक बड़ी आबादी इस अंडर पास का प्रयोग करती है। इसके बनने के बाद लोगों का आवागमन काफी आसान हुआ है। मगर इसमें प्रयोग की गई निर्माण सामग्री को लेकर स्थानीय आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने आपत्ति जताई है।
साई कुंज सोसाइटी आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राकेश राणा ने इस अंडर पास के निर्माण की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि इसके निर्माण को अभी 2 महीने भी पूरे नहीं हुए हैं, इसमें पानी का रिसाव हो रहा है। हर बरसात में अंडर पास जलमग्न हो जाता है। इससे यहां दुर्घटना होने की आशंका रहती है। अंडरपास की दीवारों और छत से पानी का रिसाव हो रहा है। आने वाले दिनों में द्वारका एक्सप्रेस वे की शुरुआत के बाद यह पुराने और नए शहर को जोड़ने वाला मुख्य अंडर पास है।