गुरुग्राम। पुलिस टीम पर गोली चलाने के मामले में जिला अदालत ने आरोपी सुमित की जमानत याचिका खारिज कर दी है। यह आदेश अतिरिक्त सत्र एवं न्यायाधीश वर्षा जैन की अदालत ने दिया। सुमित हत्या के एक मामले में वांछित था। 5 अप्रैल 2025 को फर्रुखनगर थाना क्षेत्र में पुलिस के साथ उसकी मुठभेड़ हुई थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि सुमित अवैध हथियार के साथ हत्या की वारदात देने की फिराक में है। पुलिस को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया और टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान हेड कांस्टेबल प्रदीप की बुलेटप्रूफ जैकेट पर एक गोली लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सुमित के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार किया गया। अभियोजन पक्ष ने बताया कि आरोपी ने पुलिसकर्मियों को मारने की नीयत से सीधी फायरिंग की थी और वह आदतन अपराधी है। अदालत ने कहा कि सरकारी ड्यूटी में तैनात कर्मियों की जान जोखिम में डालना अति गंभीर अपराध है। संवाद