- बिल पास करने के नाम पर 12 हजार रुपये रिश्वत लेते एसीबी ने किया था गिरफ्तार
गुरुग्राम। श्मशान घाट के नवीनीकरण कार्य का बिल पास करने के बदले 12 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार नगर निगम के कंप्यूटर ऑपरेटर पवन कुमार को अदालत से राहत नहीं मिली। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. गगनगीत कौर की अदालत ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी। फाजिलपुर गांव के श्मशान घाट के करीब 28 लाख रुपये के नवीनीकरण कार्य का 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका था। ठेकेदार का 23 लाख रुपये का बिल लंबित था। आरोप है कि बिल पास करने के लिए चार प्रतिशत कमीशन यानी 92 हजार रुपये मांगे गए। ठेकेदार 80 हजार रुपये दे चुका था। शेष 12 हजार रुपये लेते हुए एसीबी ने 18 सितंबर को पवन कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। वह कौशल रोजगार निगम के माध्यम से नगर निगम में कार्यरत था। संवाद