न्यू गुरुग्राम। दौलताबाद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लिंगानुपात में सुधार, कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देना और समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित कर रहा। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. राजेश यादव, चिकित्सा अधिकारी प्रभारी की ओर से किया गया। उन्होंने उपस्थित लोगों को बालिकाओं के अधिकारों, लैंगिक समानता, कन्या शिक्षा तथा बालिकाओं के स्वास्थ्य व सशक्तीकरण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। डॉ. राजेश यादव ने संबोधन में कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और समान अवसर प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में सशक्त रूप से स्थापित करना भी है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने बेटियों के सम्मान, सुरक्षा एवं शिक्षा को बढ़ावा देने तथा लिंग भेदभाव को समाप्त करने का संकल्प लिया। संवाद