संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय में महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस मनाया गया। इस दिवस का उद्देश्य कैंसर के लक्षणों, कारणों और समय पर पहचान के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। बता दें कि यह दिन नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक मैडम क्यूरी की जयंती का प्रतीक है जिन्होंने रेडियोधर्मिता की खोज की और कैंसर के उपचार में रेडियोथेरेपी के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम में डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रिया और उनकी टीम को आमंत्रित किया गया। प्राचार्य डॉ. पुष्पा अंतिल ने अतिथि का स्वागत किया। डॉ. प्रिया ने विद्यार्थियों को कैंसर के विभिन्न प्रकारों, उनके शुरुआती लक्षणों और समय रहते जांच के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। योगाचार्य भूदेव ने स्वस्थ जीवनशैली, नियमित व्यायाम और तंबाकू से दूर रहने की सलाह दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रेनू ने किया, जबकि डॉ. संगीता शर्मा ने मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महिला प्रकोष्ठ की टीम और महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।