संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। केंद्रीय ट्रेड यूनियन, सर्व कर्मचारी संघ और संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 10 अगस्त को नूंह में आशा वर्कर और ग्रामीण चौकीदार विरोध प्रदर्शन करेंगे। हरियाणा ग्रामीण चौकीदार सभा और आशा वर्कर यूनियन के बैनर तले कर्मचारी अनाज मंडी से उपायुक्त कार्यालय तक जुलूस निकालकर ‘जेल भरो आंदोलन’ करेंगे। हरियाणा राज्य सचिव एवं जिला प्रधान अनिल कुमार ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर 7 जुलाई को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री के ओएसडी राकेश संधू को मांगपत्र सौंपा गया था, लेकिन अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीण चौकीदारों की प्रमुख मांग पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 31 दिसंबर 2025 के निर्णय के अनुसार नीति बनाकर उन्हें पक्का कर्मचारी घोषित करना है। इसके साथ ही 30 हजार रुपये न्यूनतम वेतन, रिक्त पदों को भरने, हर माह की सात तारीख तक मानदेय देने, सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये और दुर्घटना में 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग है। कर्मचारियों ने ईएसआई, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, काटी गई प्रोत्साहन राशि बहाल करने, 1500 रुपये बढ़ोतरी लागू करने और लंबित एरियर का भुगतान करने की मांग की।