जयपुर के महाराजा सवाई मान सिंह विद्यालय में आयोजित की गई थी युवा संसद
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। युवा संसद में बोलती हुई गुरुग्राम निवासी 11वीं कक्षा की छात्रा आर्या ओझा की वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर आर्या का विज्ञापनों में दिखाए अतिश्योक्तिपूर्ण बातों को जोरदार और दिलचस्प तरीके से पेश किए जाने पर लोगों की खूब टिप्पणियां आ रही हैं। इसमें विभिन्न विज्ञापनों का सच आर्या अपने अनोखे अंदाज में बेनकाब करती नजर आ रही हैं। आर्या सेक्टर-चार के निजी स्कूल की 11वीं कक्षा की छात्रा हैं और वे अपने दो अन्य साथियों शाश्वत और केया के साथ युवा संसद में गुरुग्राम का प्रतिनिधित्व कर रही थीं। आर्या ने बताया कि उन्होंने पूरे उत्साह से अपना भाषण दिया था, मगर जब यह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हुआ तो उसे खूब सारे फोन आ रहे हैं। आर्या ओझा भविष्य में आईएएस अधिकारी बनकर देश सेवा करना चाहती हैं।