तावड़ू। उपमंडल के गांव कालरपुरी के रहने वाले सेना जवान हुकम सिंह ने गुजरात के सूरत में आयोजित हाफ मैराथन प्रतियोगिता में रजत पदक जीता है। यह प्रतियोगिता बीते रविवार को गुजरात के सूरत में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की स्मृति में आयोजित हुई थी। भारतीय सेना में जाट रेजीमेंट के जवान पदक विजेता हुकम सिंह ने बताया कि 21.097 किलोमीटर हाफ मैराथन में रजत पदक हासिल करने में कामयाबी मिली है। रविवार को यह प्रतियोगिता गुजरात के सूरत में आयोजित की गई, जिसमें अलग-अलग स्पर्धाओं में 253 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले रणवीर सिंह को 25 हजार रुपये नगद इनाम और उन्हें द्वितीय स्थान मिलने पर 20 हजार रुपये का नगद इनाम और रजत पदक दिया गया। गांव पहुंचने पर जाट रेजीमेंट के जवान लांस नायक हुकम सिंह ने बताया कि उनके पिता हरिराम का शुरू से ही सपना था कि वह देश की भी सेवा करें और खेलों में भी अपना नाम रोशन करें। संवाद