अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की अदालत ने आरोपी सोलंकी प्रभु भाई उर्फ कल्पेश की जामा तलाशी के दौरान जब्त संपत्ति की रिहाई का आवेदन खारिज कर दिया है। अदालत ने यह फैसला पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में आरोपी की जमानत रद करने की लंबित याचिका के मद्देनजर सुनाया।पुलिस ने आवेदन का विरोध किया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी को 11 दिसंबर 2026 को उच्च न्यायालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने का निर्देश है। थाना प्रभारी को भी उसकी उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है। पुलिस को आशंका थी कि सामान जारी होने पर आरोपी अदालत में उपस्थित नहीं होगा। अदालत ने माना कि इस स्तर पर जब्त सामान की रिहाई आरोपी की उच्च न्यायालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अनुकूल नहीं होगी। इसलिए, आवेदन खारिज कर दिया गया। सामान अगले आदेश तक पुलिस हिरासत में रहेगा।