गुरुग्राम। जिले में चल रहे गैर मान्यता स्कूलों के खिलाफ शिक्षा विभाग सख्त कार्रवाई कर रहा है। शिक्षा विभाग द्वारा गठित टीम ने भोड़सी स्थित अग्रणी पब्लिक स्कूल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बंद कर दिया। अब तक तीन स्कूलों को बंद किया जा चुका है। जिसमें से सेक्टर 73 स्थित श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल, सोहना स्थित ग्लोरी पब्लिक स्कूल को पहले ही बंद किया जा चुका है। इस कार्रवाई के लिए सरकारी स्कूलों के एक-एक प्रधानाचार्य के नेतृत्व में चार-चार अध्यापकों की टीम गठित की गई है। यह टीम बिना मान्यता प्राप्त स्कूलों को बंद करने का नोटिस उनके संचालकों को थमा रही है। नोटिस की पालना नहीं करने पर स्कूल संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का भी प्रावधान है। विभाग की सूची के अनुसार जिले में 159 स्कूल हैं जो कि बगैर मान्यता के चल रहे हैं। शिक्षा निदेशालय की ओर से 25 अप्रैल को सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजकर बिना मान्यता और आरटीआई का उल्लंघन करने वाले स्कूलों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद