गुरुग्राम। डीएलएफ सेक्टर-29 थाना इलाके में क्लब के बाहर युवकों से मारपीट करने के मामले में एक और आरोपी को पुलिस ने काबू किया है। आरोपी सौरभ शर्मा पंजाब के जालंधर जिले का रहने वाला है। वो अब गुरुग्राम के सैनीखेड़ा में रह रहा है। आरोपी को मंगलवार को काबू किया गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि 4 आरोपियों को टीम पहले ही इस मामले में गिरफ्तार कर चुकी है। सेक्टर-29 थाना पुलिस को 11 जून को मामले में शिकायत मिली थी। शिकायत में पीड़ित युवक ने बताया कि वह दोस्त के साथ सेक्टर-29 के टॉय बॉक्स क्लब में पार्टी करने गया था। क्लब से बाहर निकलने के दौरान कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान युवकों ने शिकायतकर्ता व इसके दोस्त को लात-घूसों से पीटा और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट से शिकायतकर्ता व दोस्त घायल हो गए। डीएलएफ सेक्टर-29 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अब तक मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। संवाद