- आरोपी फरार, पुलिस छानबीन में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। साथी कर्मचारी द्वारा गाली देने से नाराज व्यक्ति ने कैंची से गोदकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने हत्या के समय अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था। इस वजह से बचाने के लिए कोई अंदर नहीं जा पाया।
पुलिस को दी शिकायत में अमन कुमार निवासी गांव उटवारा अलीगढ़ ने बताया कि उनके पिता भारत ट्रेलर एण्ड ड्रेपर्स की वर्कशाप खुवाली ढाणी में काम करते थे। बुधवार को रात को काम ज्यादा होने की वजह से वह वर्कशाप में ही रुक गए थे। करीब 11.30 बजे गुलजार ने शिकायतकर्ता को बताया कि उनके पिता के साथ प्रदीप ने झगड़ा कर दिया। इसके बाद वे वर्कशॉप पर पहुंचे। वर्कशाप का दरवाजा अन्दर से बंद था। दरवाजा तोड़ने के बाद देखा कि प्रदीप उसके पिता मोतीलाल की छाती पर बैठ कर कैंची से वार कर रहा था। यह देख शिकायतकर्ता ने प्रदीप को धक्का मार दूर किया लेकिन आरोपी ने उसे भी जान से मारने का प्रयास किया। आरोपी खून से लथपथ कैंची छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद वे अपने पिता को सेक्टर-10 अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डाक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी प्रदीप के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।