अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' शनिवार को हरियाणा में है। अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र में लोगों से बातचीत करने के लिए पहुंचा है। यहां अमर उजाला ने सुबह चाय पर चर्चा की थी और अब दोपहर में युवाओं से चर्चा की और चुनावी माहौल को जाना साथ ही गुरुग्राम में क्या मुद्दे हैं। उनके बारे में भी बताया।
चर्चा के दौरान एक युवा ने कहा कि करियर अपॉर्चुनिटी को लेकर मैं कहूं तो सरकारी सेक्टर में कम हुआ है। प्राइवेट सेक्टर में लोगों को मौका मिला है। दूसरी तरफ युवाओं को खेल सुविधा का सवाल उठता है। यहां पर 10 से 15 साल में लोगों को सुविधाएं मिली हैं लेकिन स्थिर नहीं हैं। ऐसे में मैं कह सकता हूं कि लोगों को रोजगार यहां मिला है।
वहीं दूसरी तरफ युवाओं से चर्चा के दौरान शुमायला ने बताया कि यहां लोगों को अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। नौकरी के लिए लोग परेशान हैं। मैं यह मानती हूं कि सरकार को शिक्षा और रोजगार पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए।
विपरा जोशी ने चर्चा के दौरान बताया कि गुरुग्राम के विकास की बात करें तो यहां पर बरसात के मौसम में जगह जगह पानी भर जाता है। सरकार को इसके लिए काम करना चाहिए।
चर्चा के दौरान एक अन्य युवा ने कहा कि सबसे बड़ा मुद्दा तो यहां रोजगार का ही है। देश की जनसंख्या बढ़ती जा रही है। ऐसे में लोगों को रोजगार भी नहीं मिल पा रहे हैं। समय पर भर्तियां पूरी नहीं हो पा रही हैं। लेकिन जितनी भी भर्तियां हुई हैं वह सब पारदर्शी रही हैं। अब सब कुछ डिजिटल हो गया है। कमियां हर जगह होती हैं। सरकार ने बहुत कुछ किया है।
दिल्ली से सटा गुरुग्राम हरियाणा का छठा सबसे बड़ा शहर है। 2019 में यहां से भारतीय जनता पार्टी के राव इंद्रजीत सिंह ने जीत दर्ज की थी। इस बार भी पार्टी ने उन पर फिर भरोसा जताया है। वहीं कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में राजबब्बर चुनावी मैदान में हैं। जननायक जनता पार्टी ने गायक राहुल यादव फाजिलपुरिया और इंडियन नेशनल लोकदल ने हाजी सोहराब खान को अपना उम्मीदवार बनाया है।