आंखों में जलन और आई ड्राई होने से लोगों को हो रही परेशानियां
नागरिक अस्पताल के नेत्र कक्ष में रोजाना 200 मरीज परामर्श ले रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गर्मी और चिलचिलाती तेज धूप की तपिश जैसे- जैसे बढ़ रही है। वैसे ही आंखों से संबंधित समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं। इसके कारण रोजाना 200 मरीज नागरिक अस्पताल के नेत्र कक्ष में परामर्श लेने पहुंच रहे हैं।
नागरिक अस्पताल की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजू कटियार ने बताया कि गर्मी के सीजन में तेज धूप के कारण आंखों पर खतरा बना रहता है। तेज धूप की किरणों से मोतियाबिंद और टेरेजियम जैसे तमाम तरह के नेत्र रोग हो सकते हैं। इसके अलावा एलर्जी से आंखों में जलन, खुजली होने के साथ लाली और आंखों से पानी बहने जैसी दिक्कतें होती है। ज्यादा लापरवाही से आंख खराब होने की आशंका भी बनी रहती है।
फील्ड जॉब वालों को हो रही परेशानी
बच्चों के साथ फील्ड जॉब करने वाले लोगों को ज्यादा समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। धूल भरी गर्म हवाएं आंखों के लिए तमाम परेशानियों के चलते आंखों में एलर्जी, कंजंक्टिवाइटिस, जलन, आंखों में खुजली, आंखों के ड्राई होने की समस्या आमजन को बेहाल कर रही है।
वर्जन
सूर्य की तपती किरणें व धूल भरी हवाएं आंखों के लिए खतरनाक होती हैं। ओपीडी में अधिकांश मरीज कंजंक्टिवाइटिस, आंखों के ड्राई होने व एलर्जी के आ रहे हैं। इस तरह के लक्षण होने पर सबसे पहले साफ व ठंडे पानी से आंखों को धुलना चाहिए। इन दिनों तेज धूप में जाने से बचे। - डॉ. अंजू कटियार, नागरिक अस्पताल
ये हैं लक्षण :
- धूप में आने-जाने से आंखों में जलन हो सकती है।
- तेज धूप के कारण आंखों में खुजली या आंखों में लालपन हो सकता है।
- आंखों में दर्द हो सकता है।
- सुबह उठने के समय आंखों की पुतलियां चिपकना।
क्या हैं बचाव :
- धूप में निकलने से पहले आंखों पर अच्छी गुणवत्ता वाले सन ग्लास का उपयोग करें।
- धूप से आने के बाद आंख के बाहरी हिस्सों को ठंडे पानी से धो लें, ताकि आंखों को ठंडक पहुंचे।
- गुलाब जल या खीरे को काटकर आंख पर लगाएं।
- अस्पताल में अधिकांश मरीज आंखों के संक्रमण, आंखों के ड्राई होने व एलर्जी के आ रहे हैं।