पिनगवां । क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर बुलेट मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये नकद की मांग को लेकर मारपीट व मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने थाने में दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2021 में मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी और उसकी मां ने अपनी क्षमता से अधिक दहेज दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की मांगें लगातार बढ़ती रहीं। महिला का आरोप है कि गर्भावस्था के दौरान भी उससे दहेज की मांग की गई और मना करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे जान से मारने की कोशिश करते हुए गले में रस्सी डालकर पंखे से लटकाने का प्रयास किया गया, लेकिन आसपास के लोगों ने समय रहते बचा लिया। उसके जेवरात छीनकर उसे घर से निकाल दिया गया। संवाद