मई में जींद में होने वाली राज्य स्तरीय बैठक की तैयारियां शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की बैठक मंगलवार को सेक्टर-14 स्थित हुड्डा कार्यालय स्थित यूनियन के कार्यालय पर जिला अध्यक्ष रामनिवास ठाकरान की अध्यक्षता में हुई। बैठक में लंबित मांगों को लागू करवाने के लिए रणनीति पर विचार किया गया।
बैठक में कहा गया राज्य सरकार की नीति कर्मचारी विरोधी है। कच्चे कर्मचारियों को पक्का नहीं किया जा रहा है। पुरानी पेंशन स्कीम लागू नहीं की जा रही है। ठेका प्रथा बंद करके नियमित भर्ती नहीं हो रही है। नई शिक्षा नीति रद नहीं हो रही। बिजली के बिल भी रद नहीं हो रहे। विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती नहीं हो रही। कौशल विकास निगम भंग नहीं हो रहा।
इन सभी के विरोध में आगामी 28 मई को जींद में राज्य स्तरीय रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसी के लिए 20 अप्रैल को जीप जत्था यहां पहुंच कर तैयारियों का जायजा लेगा। बैठक में वर्कर यूनियन के राज्य नेता अजीत सहरावत, सुशील ठाकरान, नगरपालिका कर्मचारी संघ की राज्य सह सचिव सुशीला देवी, नगर पालिका जिला की नेता कल्पना, बिजली यूनियन के नेता सुशील शर्मा, अमरजीत जाखड़ आदि मौजूद थे।