सिकंदरपुर-बढ़ा गांव में कबड्डी प्रतियोगिता व कुश्ती दंगल का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। गांव सिकंदरपुर-बढ़ा में बुधवार की शाम बाब खाटू श्याम के मेले का आयोजन किया गया। गांव के राजकीय उच्च विद्यालय में दो दिवसीय मेले में कबड्डी व कुश्ती की प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। दंगल में पहलवान अजय लाखूवास ने संजय पहलवान को हराकर 2.25 लाख रुपये की कुश्ती अपने नाम कर ली।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पटौदी के विधायक सत्यप्रकाश जरावता व भाजपा जिला अध्यक्ष कमल यादव ने भाग लिया। इस तरह का आयोजन ग्रामीणों की तरफ से काफी समय से किया जा रहा है। गांव के पूर्व सरपंच सुंदर लाल यादव ने बताया कि विभिन्न खेलों में महिला वर्ग में 16 टीमों ने हिस्सा लिया। जिसमें जींद की टीम प्रथम स्थान पर, मोहम्मदपुर झाड़सा की टीम दूसरे स्थान पर व भिवानी की टीम तीसरे स्थान पर रही। पुरुष वर्ग में 24 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रो-कबड्डी में 25 टीमों ने भाग लिया। इनमें सीआईएसएफ पानीपत सुरेंद्र नाडा की टीम प्रथम, निजामपुर दिल्ली बादशाह की टीम दूसरे और रिढाना जिला सोनीपत की टीम तीसरे स्थान पर रही। इसी तरह बाबा खाटू श्याम के दंगल में 2.25 लाख रुपये की कुश्ती भी हुई। रोमांचक मुकाबले में अजय पहलवान लाखूवास ने संजय पहलवान को हराकर यह कुश्ती जीती। पहले दिन लड़कियों की प्रो कबड्डी और शूटिंग वॉलीबाॅल की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दूसरे दिन कुश्ती दंगल, लड़कों की प्रो कबड्डी और भंडारे का आयोजन किया गया। समारोह में पहुंचे पटौदी के विधायक सत्यप्रकाश जरावता व बीजेपी के जिला अध्यक्ष कमल यादव के अलावा पूर्व सरपंच सुंदरलाल के साथ ग्रामीणों व मंदिर कमेटी के लोगों ने मौजूद व्यक्तियों व अतिथियों का स्वागत व सम्मान किया। विधायक सत्यप्रकाश जरावता ने कहा कि कुश्ती और कबड्डी पारंपरिक खेल हैं। हरियाणा में कुश्ती व कबड्डी को बहुत महत्व दिया जाता है।