आखिरी समय तक आठ लाख रुपये ठगने के लिए बना रहा था दबाव
16 बार के ट्रांजेक्शन में की ठगी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर 47 में रहने वाली महिला से ठगों ने टास्क देकर 24 लाख रुपये ठग लिए। आखिर में आठ लाख रुपये और देने के लिए
ठगों ने महिला पर दबाव बनाया। जब और रुपये नहीं मिले तो साइबर ठग ने कहा कि अब आत्महत्या कर लो। ठग की ओर से कही गई बात के बाद से महिला सदमे में है। उसने मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया। पुलिस की ओर से मामला दर्ज कर छानबीन चल रही है।
पुलिस को यह शिकायत सेक्टर-47 एरिया में रहने वाली महिला ने दी है। महिला का कहना है कि व्हाट्सएप पर कुछ दिन पहले उसे एक मैसेज आया। मैसेज में टेलीग्राम पर एक चैनल पर जुड़कर निवेश करने पर मुनाफे का दावा किया गया था। यहां कुछ टास्क पूरा करने को कहा गया और रजिस्ट्रेशन कराया गया। शुरू में उसे कुछ मुनाफा भी दिया गया। उससे कुल 23 लाख 16 हजार 977 रुपये आरोपियों ने जमा करा लिए। लेकिन अब निवेश किए गए रुपये वापस करने की बजाय 8 लाख रुपये और जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है। कुल 16 ट्रांजेक्शन में यह रकम महिला से जमा कराई गई।
वर्क फ्रॉम होम के नाम पर हो रही है ठगी
कमिश्नरेट के चार थानों में दर्ज होने वाली शिकायतों में इन दिनों सबसे अधिक शिकायत घर बैठे काम देने के नाम पर ठगी की हैं। साइबर पुलिस का कहना है कि इस तरह की ठगी के मामले में पढ़े लिखे लोग शिकार हो रहे हैं। ठग इतने शातिर है कि वह कंप्यूटर पर ऑन लाइन वारदात को अंजाम दे रहे हैं। सबसे पहले छोटे एमाउंट पर 30 प्रतिशत का लाभ देकर उनके खाते में डालते हैं। बाद में स्क्रीन पर ही उनका पैसा बढ़ाते रहते हैं। पीड़ित को बाद में ठगी का अहसास होता है।
पुलिस कर रही है जागरूक
साइबर क्राइम से निपटने के लिए पुलिस अपने को अपडेट करने के साथ साॅफ्टवेयर भी अपडेट कर रही है। इसके साथ ही हरियाणा उदय के तहत आम लोगों को साइबर ठगी से बचाने के लिए जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है।
- विपिन अहलावत, एसीपी साइबर क्राइम, गुरुग्राम।