किडनी कांड का मामला थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। राजस्थान के जयपुर के नामी गिरामी अस्पताल इस गिरोह के जाल में हैं। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने जांच के दौरान इस बात का खुलासा किया है कि बांग्लादेश का रहने वाला एक सुलेमान भी है, जो मुर्तुजा अंसारी से ज्यादा ट्रांसप्लांट करा चुका है। पुलिस को अब सुलेमान नामक इस एजेंट की भी तलाश है।
विदेशी नागरिकों को एनओसी देने के खुलासे में पता चला है कि हाल ही में कंबोडिया के रहने वाले सूसू की ओर से एनओसी जारी कराई गई है। ऐसे में एसीबी के निशाने पर मुर्तुजा अंसारी पहले था ही, अब बांग्लादेश के रहने वाले सुलेमान का नाम भी सामने आया है। पुलिस रिमांड के दौरान जांच में पता चला है कि सुलेमान की ओर से बांग्लादेशियों को लाया जाता था। जो जयपुर व अन्य अस्पतालों में भी ट्रांसप्लांट कराते थे।
ईद में घर आने की बात कही थी मुर्तुजा ने
गुरुग्राम पुलिस की एक टीम ने रांची में मुर्तुजा के घर डेरा डाल रखा है। पुलिस टीम रांची के रहने वाले उसके दोस्तों से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है। उससे मोबाइल पर संपर्क में रहने वालों ने पुलिस को बताया कि मुर्तुजा ने कहा था कि रमजान के महीने में ईद के आस-पास वह घर आएगा। वह जब भी रांची जाता था तो अपने दोस्तों को महंगे तोहफे देता था। उसके परिवार वालों को भी ईद पर उनके बेटे के आने का इंतजार था।
किडनी ट्रांसप्लाट करने वाला सर्जन जांच में हुआ शामिल
फोर्टिस अस्पताल के डाक्टर संदीप गुप्ता ने एसीबी से स्वीकार किया कि उसने ही ट्रांसप्लांट किए हैं। अस्पताल प्रबंधन की ओर से कागजों की छानबीन के बाद उसे जब ऑप्रेशन के लिए कहा जाता था। उपलब्धता के आधार पर ही उसने आप्रेशन किया है। आप्रेशन थियेटर में उसके लिए मरीज को आराम देना प्राथमिकता थी। उसने एसीबी को भरोसा दिलाया कि वह जांच में पूरी मदद करेगा।
बांग्लादेश के रहने वाले सुलेमान को एसीबी की तलाश है। मुर्तुजा के साथ सुलेमान व अन्य एजेंट के नाम सामने आए हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कवायद कर रही है। -
भूपेन्द्र कुमार, एडिशनल एसपी एसीबी जयपुर।
मुर्तुजा की तलाश में टीम छापेमारी कर रही है। एक टीम ने रांची में डेरा डाल रखा है। जो आरोपी से जुड़े जानकारी जुटा रही है।
- कपिल अहलावत, एसीपी सदर, गुरुग्राम।