कूड़ा एकत्रित होने वाली जगह खड़ी की जाएगी ट्रॉली, कर्मचारी भी रहेगा तैनात
नगर निगम के आयुक्त ने सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम द्वारा शहर को साफ सुथरा बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। इस क्रम में अब नगर निगम ने तय किया है कि कूड़ा एकत्रित करने वाली जगह को छोड़कर अन्य किसी स्थान पर कूड़ा फेंकने पर सख्ती की जाए। इसके साथ ही कूड़ा एकत्रित करने वाली जगह एक ट्राली खड़ी की जाएगी और वहां पर कर्मचारी तैनात होगा जो इस बात की निगरानी करेगा कि लोग ट्राली में ही कूड़ा फेंके।
सोमवार को नगर निगम के आयुक्त पीसी मीणा ने इस संबंध में विचार मंथन किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए जो भी कार्रवाई की जानी है, वो करें। हमारा मुख्य उद्देश्य शहर को साफ रखना है।
तय किया गया कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जहां कूड़ा एकत्रित किया जाता है, वहां पर ट्राली खड़ी की जाए। इन जगहों के अलावा अन्य किसी स्थान पर कूड़ा नहीं फेंका जाए। ऐसी जगहों पर ट्रैक्टर-ट्रॉली व एक कर्मचारी की ड्यूटी सुनिश्चित करें।
अधिकारियों के साथ यह भी तय किया गया कि बल्क वेस्ट जेनरेटर वाले प्रतिष्ठान ठोस कचरा प्रबंधन नियमों का पालन करें। सभी संयुक्त आयुक्त अपने-अपने जोन में स्थित होटलों, बैंक्वेट हॉल, रेस्टोरेंट सहित ऐसे संस्थान या सोसाइटी, जो प्रतिदिन 50 किलो या इससे अधिक कचरा पैदा करते हैं, उनके यहां अपना कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था हो।